रांची , मार्च 13 -- झारखंड विधानसभा बजट सत्र के आज तेरहवें दिन विधानसभा परिसर में सत्ता पक्ष के विधायकों ने महंगाई, एलपीजी गैस किल्लत और पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

विधानसभा परिसर में प्रदर्शन के दौरान सत्ता पक्ष के विधायकों ने एलपीजी गैस की किल्लत, बढ़ती गैस कीमतों और पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी विरोध जताया और रिक्शा चलाकर विधानसभा पहुंचे।

डॉ अंसारी ने कहा कि देश में महंगाई की स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की रिक्शा से विधानसभा पहुंची। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री कृषि मंत्री के रिक्शा चालक बन गए। यह दृश्य विधानसभा परिसर में चर्चा का बड़ा विषय बन गया।

कृषि मंत्री श्रीमती तिर्की ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत का लगभग 90 प्रतिशत तेल विदेशों से खरीदता है, ऐसे में पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोग गैस सिलेंडर भरवाने के लिए लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं और छोटे-बड़े व्यापारियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

डॉ अंसारी ने कहा कि देश की हालत इतनी खराब हो गई है कि भाजपा विधायक की पत्नी तक गैस सिलेंडर के लिए उनसे मदद मांग रही हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें लग रही हैं और लोगों का हाल बेहाल हो चुका है।

वहीं भाजपा विधायक नीरा यादव और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। इरफान अंसारी ने कहा कि देश में महंगाई से लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं, जबकि भाजपा विधायक नीरा यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि झारखंड सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रही है और इस तरह का विरोध सिर्फ राजनीतिक नौटंकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित