रांची , नवम्बर 20 -- झारखंड विधानसभा के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर 22 नवंबर को एक विशेष समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश की सीमा और नक्सल अभियानों में वीरगति प्राप्त झारखंड के 16 शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।

इस आयोजन में देश के लिए वीरगति प्राप्त होने वाले 16 जवानों के परिजनों को झारखंड विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो के द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

झारखंड विधानसभा के द्वारा जारी किए गए पत्र में यह बताया गया है कि गृह कार्य आपदा प्रबंधन विभाग के द्वारा प्राप्त सूची में वर्णित शहीद सैनिक और अर्धसैनिक बल और राज्य पुलिस के आश्रितों को झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष के द्वारा 22 नवंबर को विधानसभा में सम्मानित किया जाएगा।

इस सम्मान समारोह में झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ और भारतीय सेना के उन जवानों के परिजन उपस्थित रहेंगे, जिन्होंने देश और राज्य की रक्षा करते हुए अपनी जान न्योछावर कर दी। शहीदों में रामदेव महतो, सिकंदर सिंह, सुकन राम, चौहान हेंब्रम, सुनील राम, संतन कुमार मेहता, महिमानंद शुक्ला, सुनील कुमार मंडल, महराबम प्रबो सिंह, प्रणेश्वर कोच, संदीप कुमार, महेंद्र लश्कर, करमजीत सिंह बक्शी और अर्जुन महतो शामिल हैं। इनके पिता, मां, पत्नी समेत परिवार के सदस्यों को झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

इस आयोजन को बेहद भव्य और सम्मानजनक बनाने के लिए सुरक्षा और सुविधा की विशेष व्यवस्था की है। सभी शहीद परिवारों को विधानसभा परिसर में पहुंचाने और वापस ले जाने की व्यवस्था पूरी सुनिश्चित की जाएगी। इस आयोजन के साथ ही विधानसभा के 25वें स्थापना दिवस के सत्र में राज्य के विशिष्ट नागरिकों और उत्कृष्ट कर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित