रांची, 07अक्टूबर (वार्ता) राजधानी रांची सहित झारखंड के अधिकांश जिलों में 9 अक्टूबर तक हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 8 और 9 अक्टूबर को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर बाकी सभी जिलों में बारिश की स्थिति बनी रहेगी। 10 अक्टूबर के बाद मौसम साफ होने लगेगा और ठंडक का असर महसूस किया जाएगा। हालांकि सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में 10 अक्टूबर के बाद भी हल्की बारिश हो सकती है।

राजधानी रांची में अक्टूबर के शुरुआती छह दिनों में 32.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य औसत से 53% अधिक है। इस अवधि में पूरे राज्य में औसतन 63.1 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्यतः यह आंकड़ा करीब 24 मिमी होता है। पिछले 24 घंटों में पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया में सर्वाधिक 72.3 मिमी और पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी में 33.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, रांची में 16.3 मिमी बारिश के साथ अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार झारखंड में 11 अक्टूबर से मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 10 अक्टूबर तक कहीं-कहीं हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद राज्य में शुष्क मौसम की शुरुआत होगी। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के कारण कभी-कभी बादल छाने और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है, लेकिन व्यापक वर्षा नहीं होगी।

मानसून की विदाई के बाद मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा। सुबह और शाम में हल्की ठंड महसूस होने लगेगी जबकि दिन का मौसम खुशनुमा बना रहेगा। अनुमान है कि दिवाली तक राज्य में गुलाबी ठंड का प्रभाव साफ तौर पर दिखने लगेगा। इसका असर विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह-शाम देखने को मिलेगा, जब लोग हल्के गर्म कपड़े पहनना शुरू कर देंगे।

मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सलाह दी है कि 9 अक्टूबर तक बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतें, खेतों में जलजमाव से बचाव करें और मौसम की ताज़ा जानकारी लेते रहें। 11 अक्टूबर के बाद जब शुष्क मौसम की शुरुआत होगी तो रबी फसलों की तैयारी भी शुरू की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित