रांची , अक्टूबर 21 -- झारखंड में मौसम का मिजाज जल्द ही बदलने वाला है।
मौसम विभाग ने 25 और 26 अक्टूबर को कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। विशेषकर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी जिलों - पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़ और जामताड़ा में घने बादल छाए रहेंगे और कई जगह बिजली गिरने की संभावना भी है। इन जिलों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट भी आ सकती है।
राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क लेकिन सुहावना बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 24 अक्टूबर तक झारखंड का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आस-पास होगा। पर 25 और 26 अक्टूबर को बारिश के कारण अधिकतम तापमान घटकर 28 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। इससे सुबह और रात के समय मौसम में हल्की ठंडक महसूस होगी और ताजी हवा के साथ मौसम खुशनुमा होगा।
रांची, खूंटी, गुमला, हजारीबाग और रामगढ़ जैसे मध्यवर्ती जिलों में अगले कुछ दिन आसमान साफ रहेगा। रांची में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 20-21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं कोडरमा और चतरा जैसे जिलों में दिन का तापमान 33-34 डिग्री तक पहुंच सकता है। रामगढ़ में रात का तापमान 19 डिग्री तक गिरने की संभावना है, जिससे वहां ठंड का अनुभव जल्दी शुरू हो सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों में बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में कम दबाव का क्षेत्र बनने वाला है। इसका प्रभाव 26 अक्टूबर के बाद झारखंड के मौसम पर भी दिख सकता है और कई हिस्सों में फिर से बारिश के नए दौर की शुरुआत हो सकती है। फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री ऊपर रहने की संभावना है, जिससे ठंड में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे मौसम के बदलाव को ध्यान में रखते हुए अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित