रांची , नवम्बर 25 -- झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है।

ठंड का असर अब स्पष्ट रूप से महसूस होने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में सर्दी का असर और बढ़ेगा। 24 से 30 नवंबर तक राज्य के अधिकतर जिलों में सुबह घना कोहरा और धुंध बने रहने की संभावना जताई गई है, जिससे दृश्यता घटेगी और यातायात पर असर पड़ेगा।

राजधानी रांची में दिन का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, चतरा जिले में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मंगलवार से तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रांची, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़ और कोडरमा जैसे जिलों में ठंड अधिक महसूस होगी।

रांची, खूंटी और हजारीबाग में दिन का तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रहेगा, जिससे मौसम सुहावना लेकिन सर्द बना रहेगा। वहीं, गोड्डा सहित संथाल परगना के कुछ इलाके अपेक्षाकृत गर्म रहेंगे, जहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। कुछ जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रहने का अनुमान है, जिससे सड़क और हवाई यातायात दोनों पर असर पड़ सकता है।

खराब मौसम का असर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भी असर दिखने लगा है। घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण कई विमानों के रूट को डायवर्ट करना पड़ा। कई विमान घंटों बाद रांची पहुंच रही है।

लगातार कोहरा और तापमान में गिरावट के कारण सर्दी अब पूरी तरह दस्तक दे चुकी है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और शाम के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर यात्रियों को कोहरे में वाहन चलाते वक्त सतर्क रहने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित