रांची , अक्टूबर 24 -- झारखंड में हिंदी दैनिक प्रभात खबर से सेवानिवृत्त वरिष्ठ पत्रकार श्रीनिवास को रांची प्रेस क्लब और आरबीएस वैदिक ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित झारखंड जर्नलिज्म अवार्ड 2025 के तहत लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड और 51000 रुपये नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

इनके अलावा बेस्ट रिपोर्टिंग (प्रिंट) के लिए प्रभात खबर से सेवानिवृत्त वरिष्ठ पत्रकार शकील अख़्तर, बेस्ट रिपोर्टिंग (इलेक्ट्रॉनिक) के लिए समाचार वाला के राजकुमार सिंह, बेस्ट फ़ोटोग्राफ़ी (प्रिंट) के लिए दैनिक भास्कर के वरिष्ठ फ़ोटो जर्नलिस्ट माणिक बोस और बेस्ट वीडियो जर्नलिस्ट (इलेक्ट्रॉनिक) के लिए आजतक के वरिष्ठ वीडियो जर्नलिस्ट राकेश तिवारी को 25000-25000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार दो नवंबर 2025 को लालपुर के होटल रेन ड्यू में आयोजित सम्मान समारोह में दिया जाएगा। वरिष्ठ पत्रकार और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के हाथों यह पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार समिति की जूरी ने आज विजेताओं के नाम के चयन के साथ इसकी घोषणा की। जूरी में वरिष्ठ पत्रकार सह पूर्व सूचना आयुक्त बैजनाथ मिश्र, रिटायर्ड आईएएस रणेंद्र कुमार , रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो अजीत सिन्हा,रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र सोरेन और आरबीएस वैदिक ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी नित्यानंद शुक्ला शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित