रांची, 30अक्टूबर (वार्ता) झारखंड में मोंथा तूफान का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है।

राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने एक नवंबर तक बारिश, गर्जन-तड़ित और वज्रपात के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई है। विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से राज्य के कई हिस्सों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और बिजली-तारों तथा पेड़ों के नीचे आश्रय लेने से बचने की सलाह दी है।

वहीं, 31 अक्टूबर को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान कई जगहों पर वज्रपात और अचानक तेज हवाएं चलने की आशंका भी बनी रहेगी। एक नवंबर को सुबह के समय कोहरे या धुंध छाई रहने की संभावना है, जबकि दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे। राज्य के पूर्वी हिस्सों में हल्की वर्षा हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। दो नवंबर को सुबह हल्के कोहरे के बाद आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई। इनमें सबसे अधिक 48.0 मिलीमीटर वर्षा खूंटी जिले के दियाकेला में रिकॉर्ड की गई। वहीं, देवघर में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विभाग का कहना है कि मोंथा तूफान का असर अगले कुछ दिनों तक झारखंड पर बना रह सकता है। इसलिए किसानों व आम लोगों को सतर्कता बरतने और मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित