बोकारो , अप्रैल 18 -- झारखंड में बोकारो जिले के दुग्दा थाना पुलिस ने नाबालिग के अपहरण के मामले में आरोपी युवक विनय यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि पीड़िता को बरामद कर उसके परिवार को सौंप दिया गया। पीड़िता की मां ने 13 अप्रैल को दुग्दा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि विगत 13 अप्रैल को उनकी बेटी सीएन कालेज दुग्दा पढ़ने के लिए घर से निकली, लेकिन शाम तक नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू की गई। पूछताछ में पता चला कि विनय यादव नामक युवक के साथ लड़की को देखा गया था।

त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के परिजनों पर दबाव डाला, जिसके बाद विनय यादव गिरफ्तार हो गया। उसके निशानदेही पर नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर परिवार को सौंप दिया गया। इस मामले में कांड संख्या 25/2026 दर्ज की गई है।

पुलिस का मानना है कि यह प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला हो सकता है। दोनों-पीड़िता और आरोपी-दुग्दा बस्ती के निवासी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित