रांची , दिसम्बर 07 -- झारखंड में इस समय कड़ाके की ठंड का प्रकोप तेज होता जा रहा है।
उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के असर से राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। पूरे राज्य में दिनभर आसमान साफ रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई, लेकिन रात और सुबह के तापमान में लगातार गिरावट जारी है। पारा गिरने से लोगों को ठिठुरन का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
सबसे कड़ाके की ठंड गुमला में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। स्थानीय लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं।
राजधानी रांची की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 22.9degC दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7degC कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 7.3degC तक गिर गया, जो सामान्य से 2.9degC नीचे रहा। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और देर शाम शीतलहर जैसी स्थिति बन रही है।
जमशेदपुर में भी दिन और रात के तापमान में गिरावट देखी गई। यहां अधिकतम तापमान 26.2degC, जबकि न्यूनतम तापमान 9.6degC रहा। दोनों ही सामान्य से कम हैं।
मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी पांच दिवसीय पूर्वानुमान में बताया गया है 10 दिसंबर तक राज्य के 24 जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार गिरेगा। कोडरमा, चतरा, गढ़वा, पलामू और लातेहार में रात का पारा 6degC से 10degC के बीच रहेगा। कोडरमा में जहां 6degC की ठंड दर्ज की गई, वहीं 10 दिसंबर तक यह 10degC तक जा सकता है।
पूर्वोत्तर झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा में अधिकतम तापमान 24degC से 28degC जबकि न्यूनतम 11degC से 16degC रहेगा। रांची, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग में रात का तापमान 9degC से 13degC के बीच रहेगा।
रिपोर्ट के अनुसार आज झारखंड में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 28degC दर्ज किया गया। गर्म दिन के बावजूद रात के तापमान में कई जगहों पर गिरावट जारी है। उधर, गुमला में सबसे कम पारा 3.5degC दर्ज होने से यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह-सुबह धूप निकलने के बावजूद सिहरन महसूस की गई।
बोकारो, देवघर, लोहरदगा, लातेहार समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 6.8degC और लातेहार में 7.6degC दर्ज हुआ। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तरी हवाओं की रफ्तार बनी रही तो आने वाले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है।
मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह-शाम खुले में निकलते समय गर्म कपड़े, टोपी और मफलर का उपयोग करने तथा अलाव जलाते समय सावधानी बरतने की अपील की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित