रांची , मई 05 -- झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और प्री-मानसून गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय हो चुकी हैं।

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे गर्मी से राहत मिली है। सबसे अधिक वर्षा लातेहार में 70.5 मिमी रिकॉर्ड की गई, जबकि तेनुघाट में 22.4 मिमी बारिश हुई। दिन में तेज धूप के बाद देर रात रांची, रामगढ़, चतरा, गढ़वा, हजारीबाग, लातेहार और लोहरदगा समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। इस बदलाव के कारण तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 8 मई तक राज्य में बारिश, वज्रपात, तेज हवा और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। 5 मई के लिए पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, खूंटी, रांची, रामगढ़, धनबाद और बोकारो जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, गर्जन के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं, अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। सोमवार को राज्य का सर्वाधिक तापमान डालटनगंज में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान कांके में 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

रांची का अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर और कोडरमा सहित कई जिलों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने को कहा गया है। साथ ही, ओलावृष्टि और तेज हवा से फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ लाइन के प्रभाव से यह स्थिति बनी है। 6 और 7 मई को कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि 8 मई के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित