रांची,18अक्टूबर (वार्ता) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में पुलिस, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने जंगलों में छिपाए गए भारी हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि पुलिस कप्तान अमित रेणु को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के उग्रवादी इलाके के जंगलों में हथियार छिपा कर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की योजना बना रहे हैं।

इस सूचना के आधार पर एसपी अमित रेणु के निर्देश में 16 अक्टूबर को विशेष टीम का गठन किया गया। इसमें चाईबासा पुलिस, सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर के जवानों और बम निरोधक दस्ते को शामिल किया गया। 17 अक्टूबर की सुबह जेटेया थाना क्षेत्र के बुरूबोरता जंगल और आसपास के पहाड़ी इलाकों में सर्च अभियान शुरू हुआ। बम निरोधक दस्ते की मदद से पुलिस ने छिपाई गई बड़ी मात्रा में हथियार, गोलियां और नक्सली उपयोग की अन्य वस्तुएं जब्त कीं।

बरामद सामान में इंसास रायफल, विभिन्न कैलिबर की जिंदा और खाली गोलियां, मैगजीन, काला सीलिंग (कपड़ा), फुलथ्रू, सिरींज, पीटू बैग, कंबल, पॉउच, नोटबुक एवं अन्य पुस्तकें शामिल हैं। इस सफलता से नक्सलियों को एक बड़ा झटका लगा है और सुरक्षा बलों के तेवर और मजबूत हुए हैं।

पुलिस ने नक्सलियों से कहा है कि वे हिंसा छोड़कर राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं और समाज की मुख्यधारा में लौट आएं।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि नक्सलियों के खिलाफ सघन अभियान जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर उन्हें फिर से सक्रिय होने नहीं दिया जाएगा। जंगल क्षेत्रों में सुरक्षा बल लगातार गश्त और संधर्ष अभियान कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित