रांची, 28सितम्बर (वार्ता) झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य भर में दुर्गा पूजा के छठे दिन रविवार को मां कात्यायनी की पूजा हुई और पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ यह पर्व मनाया जा रहा है।
राजधानी रांची के प्रमुख इलाकों में स्थापित भव्य पूजा पंडालों ने एक बार फिर से सांस्कृतिक और धार्मिक समृद्धि का परिचय दिया है। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आकर्षक प्रतिमाओं को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पंडालों की सजावट, बिजली की जगमगाहट और सुरक्षा व्यवस्था ने रांची के त्योहार को और भी खास बना दिया है।
राजधानी के कई पूजा पंडालों के पट शुक्रवार और शनिवार को खुल गये। वहीं आज भी कई पूजा पंडाल खुले। इनमें सत्य अमर लोक दुर्गा पूजा समिति हरमू रोड, बिहार क्लब दुर्गा पूजा समिति, नेताजी नगर दुर्गा पूजा समिति कांटाटोल शामिल हैं। आकर्षक पंडाल देखने के लिए लोगों की जबरजस्त भीड़ लगनी शुरू हो गई। हर पंडाल अपनी खास थीम और सजावट के साथ भक्तों को मनमोहित कर रहा है। पंडाल समितियों द्वारा लगाए गए रंग-बिरंगे विद्युत लाइट और अलौकिक डिजाइन ने विशेष आकर्षण बढ़ाया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग रेलिंग लगाई गई हैं ताकि भीड़ में व्यवधान या परेशानी न हो। साथ ही हर पंडाल में सुरक्षा कर्मी और कार्यकर्ता सावधानी से तैनात हैं, जो भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए हैं।
रांची के अधिकांश पंडालों में मां दुर्गा के साथ शिव परिवार, मां सरस्वती, गणेश और कार्तिकेय की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। इस बार सुरक्षा को और बढ़ाने के लिए कई पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। चंद्रशेखर आज़ाद दुर्गा पूजा समिति की ओर से 40 सुरक्षा गार्ड और 32 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे सुरक्षा का बेजोड़ इंतजाम देखने को मिल रहा है। शहर में सुरक्षा को लेकर इस बार दो कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ-साथ 5000 से अधिक पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। रांची जोन के आईजी मनोज कौशिक की अध्यक्षता में शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें श्री कौशिक ने बताया कि पूजा आयोजकों के साथ समन्वय बैठक कर गाइडलाइन साझा की जाएगी। प्रशासन की ओर से पूजा पंडालों के पास अस्थायी कंट्रोल रूम और क्विक रिस्पॉन्स टीम भी तैनात करने की तैयारी है।
जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुरुष पुलिसकर्मी के साथ-साथ महिला पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित