रांची , दिसंबर 08 -- झारखंड में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है।

हर दिन पारा नीचे गिर रहा है और सुबह-शाम की बर्फीली हवाएं लोगों को कंपकंपी महसूस करा रही हैं।

सुबह का कोहरा और देर शाम की शीतलहर जैसी स्थिति ने जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने बताया कि राज्य में इस समय कोई प्रमुख मौसमी प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिसके कारण मौसम पूरी तरह शुष्क और स्थिर बना हुआ है। हालांकि उत्तर भारत के ऊपरी हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ टर्फ के रूप में मौजूद जरूर है, लेकिन इसका झारखंड के मौसम पर किसी प्रकार का प्रत्यक्ष प्रभाव नहीं पड़ रहा है।

दिन में हल्की धूप जरूर निकल रही है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड सामान्य से कहीं अधिक महसूस की जा रही है। उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही बर्फीली हवाएं पारा तेजी से गिरा रही हैं। कई जिलों में शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं। गुमला जिला सबसे ज्यादा ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने रांची सहित 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे सुबह और देर रात ठंड काफी सख्त महसूस हुई। कांके में पारा और भी नीचे जाकर 4.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री, खूंटी 5 डिग्री, बोकारो 8.2 डिग्री और डालटनगंज में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई इलाकों में इतनी गलन है कि लोग अलाव का सहारा लेने पर मजबूर हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन इससे ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं कई जिलों में हल्के बादल छा सकते हैं। विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि 13 दिसंबर तक सुबह के समय कोहरा और धुंध बनी रह सकती है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही आम लोगों को गर्म कपड़ों का उपयोग करने, सुबह जल्दी और देर रात बाहर निकलने से बचने और आवश्यकतानुसार ही यात्रा करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित