रांची , अक्टूबर 08 -- झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रदेश भाजपा ने चार नामों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी है।

इस सूची में बाबूलाल सोरेन, लखन मार्डी, सुनीता देवदूत सोरेन और रमेश हांसदा शामिल हैं।

पार्टी की ओर से कहा जा रहा है कि दिल्ली में होने वाली संसदीय बोर्ड की बैठक में इनमें से एक नाम की घोषणा घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए किया जाएगा। पार्टी सूत्रों की मानें तो बाबूलाल सोरेन का नाम सबसे आगे है।

प्रदेश संगठन ने घाटशिला के वरिष्ठ नेताओं एवं पंचायतों में सर्वे के जरिए इन नामों को चुना है। पिछली बार 2024 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने बाबूलाल सोरेन पर दांव खेला था। बाबूलाल सोरेन पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पुत्र हैं, जो खुद भाजपा में शामिल होकर इस क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं। पिछले चुनाव में बाबूलाल सोरेन 22 हजार वोटों से हार गए थे जबकि चंपाई सोरेन ने सरायकेला अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की थी।

लखन मार्डी ने 2019 में भाजपा के टिकट पर घाटशिला से चुनाव लड़ा था जबकि सुनीता देवदूत सोरेन और रमेश हांसदा भाजपा के विभिन्न पदों पर सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।

ज्ञातव्य है कि मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में एनडीए घटक दलों की की बैठक हुई थे। इस बैठक ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, प्रदेश जदयू अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद खीरू महतो, लोजपा (आर) अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान और लोजपा विधायक जनार्दन पासवान बैठक में हिस्सा लिया था।

वहीं भाजपा ने सहयोगी दलों के साथ भी रणनीति पर चर्चा की थी। इस उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार को सहयोगी दलों के समर्थन और सामूहिक प्रचार की रणनीति बनाई है। इससे भाजपा पूरी ताकत लगाकर घाटशिला उपचुनाव में जीत हासिल करना चाहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित