रांची , फरवरी 11 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने भारत बंद को नैतिक समर्थन दिया है।
इस भारत बंद में 10 सेंट्रल ट्रेड यूनियनों के जॉइंट प्लेटफॉर्म ने अलग-अलग किसान संगठनों के समर्थन से कल 12 फरवरी को देश भर में हड़ताल का आह्वान किया है।
ज्ञातव्य हो कि यह हड़ताल मुख्य रूप से भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार के लेबर सुधारों और आर्थिक नीतियों के विरोध में की गई है, जिनसे मज़दूरों की सुरक्षा कमज़ोर हुई है। नए लेबर कोड ने नौकरी की सुरक्षा कम कर दी है, कानूनी सुरक्षा उपायों को कमज़ोर कर दिया है और नौकरी पर रखने और निकालने में मालिकों की आज़ादी बढ़ा दी है, जिससे मज़दूरों के अधिकारों और हितों पर बुरा असर पड़ा है। किसान संगठनों ने भी बंद को अपना समर्थन दिया है, जो इन नीतियों को लेकर बढ़ती चिंताओं को दिखाता है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राज्य के सभी जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि कल 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल को नैतिक समर्थन देते हुए पूरी एकजुटता दिखाएं और न्याय, सम्मान और सही आर्थिक नीतियों के लिए मजदूरों और किसानों के लोकतांत्रिक संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़े हों।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित