रांची , दिसम्बर 05 -- स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता को विभाग, झारखंड सरकार अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की अगुवाई में भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय बाल रंग महोत्सव 2025 में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है।
यह राष्ट्रीय महोत्सव इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय , भोपाल में 22 राज्यों के बाल कलाकारों की सहभागिता के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में कला, संस्कृति और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है।
झारखंड की टीम ने अपनी पारंपरिक विरासत का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 'मानभूम छाऊ नृत्य' प्रस्तुत किया। दर्शकों एवं निर्णायकों ने बच्चों की उत्कृष्ट अभिव्यक्ति, ताल-लय, वेशभूषा और नृत्य की अद्भुत शैली की सराहना की। इस शानदार प्रस्तुति ने झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर एक अलग चमक प्रदान की।
झारखंड की विजेता टीम पूर्वी सिंहभूम जिले के उत्क्रमित उच्च विद्यालय डिग्गी भूला बौरम के 15 बाल कलाकारों की रही, जो निवारण महतो, कृष्णा हंसदा, लक्ष्मी चरण साइस, श्रीचरण साइस और संतोष महतो के नेतृत्व में प्रतियोगिता में शामिल हुई। इस प्रतियोगिता में चंडीगढ़ ने द्वितीय और असम ने तृतीय स्थान रहा।
झारखंड की इस जीत से पूरे प्रदेश में हर्ष और उत्साह का माहौल है। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2015 से निरंतर भागीदारी के बाद झारखंड के बाल कलाकारों ने आज इतिहास रच दिया है और यह पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद दि. तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, समन्वयक चंद्रदेव सिंह एवं राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने झारखंड की टीम को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित