रांची , दिसंबर 01 -- झारखंड के 1100 होमगार्ड जवानों का विशेष प्रशिक्षण सोमवार को राज्य के चार ट्रेनिंग सेंटरों में शुरू हो गया। यह 34 दिनों तक चलेगा और जवानों को सुरक्षा व अग्निशमन में निपुण बनाने पर जोर दिया जाएगा। गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन विभाग के डीआईजी ने सभी जिला समादेष्टाओं को आदेश जारी कर होमगार्ड सूची में पासपोर्ट साइज फोटो लगाकर अभिप्रमाणित करने के निर्देश दिए हैं। जवानों को मेसिंग व्यय के लिए पर्याप्त राशि तथा दैनिक उपयोग का सामान साथ लाने को कहा गया है ।

प्रशिक्षण केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान धुर्वा रांची में 400 जवानों का होगा। इसमें लोहरदगा से 3, जमशेदपुर से 70, सरायकेला से 63, पलामू से 2, गुमला से 17, चाईबासा से 52, बोकारो से 52, लातेहार से 25, कोडरमा से 1, सिमडेगा से 14, चतरा से 50, रामगढ़ से 44 तथा दुमका से 7 जवान शामिल हैं। इसी प्रकार क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र हजारीबाग में 430 जवानों का प्रशिक्षण आयोजित होगा, जिसमें लोहरदगा से 30, खूंटी से 60, चाईबासा से 50, कोडरमा से 70, रामगढ़ से 69, सिमडेगा से 25, गुमला से 50 तथा सरायकेला से 60 जवान भाग लेंगे ।

क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र दुमका में 400 जवानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें देवघर से 26, गोड्डा से 35, साहिबगंज से 45, पलामू से 60, बोकारो से 40, जामताड़ा से 100, पाकुड़ से 58 तथा रांची से 34 जवान शामिल हैं। वहीं क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र पलामू में 270 जवानों का प्रशिक्षण होगा, जिसमें गढ़वा से 32, लातेहार से 20, पाकुड़ से 24, रांची से 80, चतरा से 40, दुमका से 20 तथा धनबाद से 54 जवान ट्रेनिंग लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित