रांची , मई 04 -- झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित धोबी टोला से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के सब जोनल कमांडर विरम राम उर्फ अरविंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि बुढ़मू थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठा पर हुई फायरिंग समेत कई उग्रवादी घटनाओं में शामिल फरार आरोपी विरम राम चंदवा के धोबी टोला में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रांची के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक, खलारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से विरम राम के घर को घेर लिया। इस बीच वह पीछे के रास्ते से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जवानों ने उसे दबोच लिया और हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने कई उग्रवादी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसमें बुढ़मू थाना क्षेत्र के ईंट भट्ठा पर फायरिंग की घटना भी शामिल है। उसकी निशानदेही पर बुढ़मू थाना क्षेत्र के छापर गांव स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से एक पिस्टल, मैगजीन, 7 गोलियां, 2 राउटर और मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, विरम राम पिछले करीब 15 वर्षों से टीएसपीसी संगठन से जुड़ा हुआ था और बुढ़मू, ठाकुरगांव, पतरातु, खलारी, कांके, केरेडारी, पिपरवार, पिठोरिया, मैक्लुस्कीगंज और रातू थाना क्षेत्रों में सब जोनल कमांडर के रूप में सक्रिय था।

वह जमीन कारोबारियों, ठेकेदारों, ईंट भट्ठा मालिकों, कोयला व्यवसायियों और क्रशर संचालकों से फोन पर धमकी देकर रंगदारी वसूलता था। मांग पूरी नहीं होने पर गोलीबारी और आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस ने बताया कि उसके दस्ते के कई सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं और बाकी की तलाश जारी है। साथ ही, उसे सहयोग करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर ली गई है, जिन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञातव्य है कि विरम राम उर्फ अरविंद के खिलाफ पिठोरिया, बुढ़मू, रातू, ठाकुरगांव, कांके, मैक्लुस्कीगंज और चंदवा थाना क्षेत्रों में गोलीबारी और आगजनी से जुड़े दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित