रांची, 23अक्टूबर (वार्ता) झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भाईदूज और चित्रगुप्त पूजा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि चित्रगुप्त पूजा सत्य, न्याय और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने कर्मों में ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता बनाए रखने की सीख देता है। उन्होंने भगवान चित्रगुप्त से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। भाई दूज के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं और जोहार। भाई-बहन के अटूट स्नेह, प्रेम और विश्वास का यह पर्व आप सभी के जीवन में खुशियाँ, समृद्धि और संपन्नता लेकर आए, यही कामना करता हूं।

राज्यपाल श्री गंगवार ने भी प्रदेशवासियों को चित्रगुप्त पूजा की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त की कृपा से सभी के जीवन में सद्बुद्धि, न्यायप्रियता और ज्ञान का प्रकाश हमेशा बना रहे, यही उनकी मंगलकामना है।

वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने संदेश में कहा कि भगवान चित्रगुप्त की कृपा से सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए। उन्होंने भाईदूज पर भाई-बहन के अटूट प्रेम और समर्पण के प्रतीक के रूप में इस त्योहार की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित