रामगढ़ , अप्रैल 09 -- झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने गुरुवार को रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित "रजरप्पा मंदिर परिसर पुनर्विकास परियोजना" के कार्यान्वयन को लेकर विस्तृत भौतिक निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। निरीक्षण की शुरुआत मंदिर परिसर स्थित प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक से हुई, जिसमें उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत संरचना विकास के लिए तैयार प्राक्कलन, बजट एवं ब्लूप्रिंट की समीक्षा की गई। साथ ही निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से समयसीमा के भीतर पूरा करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत मंदिर तक सुगम पहुंच मार्ग, व्यवस्थित कतार प्रबंधन तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विचार किया गया। बैठक के बाद सचिव ने पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण कर प्रस्तावित निर्माण स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों के दौरान मंदिर की धार्मिक मर्यादा और प्राकृतिक स्वरूप से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही सभी कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

श्री कुमार ने पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर भी बल दिया, ताकि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए। इस पुनर्विकास परियोजना का मुख्य उद्देश्य रजरप्पा को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर उसे वैश्विक पहचान दिलाना है।

इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान जेटीडीसी के प्रबंध निदेशक, उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित