दुमका, 12 दिसम्बर (वार्ता) झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तारलोक सिंह चौहान शनिवार को राज्य की उपराजधानी दुमका से राज्यस्तर पर आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का बर्चुअल उद्घाटन एवं राज्य सरकार द्वारा कार्यान्वित विभिन्न योजना के तहत लाभुकों के बीच परिसम्पति वितरित करेंगे।

इसके साथ ही झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित विधिक सेवा जागरुकता कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य न्यायाधीश के साथ विशिष्ठ अतिथि के रुप में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद, न्यायमूर्ति आनन्द सेन और न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव भी संबोधित करेंगे।

दुमका के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुधांशु कुमार शशि ने शुक्रवार को संवाददाताओं को यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के मुख्य न्यायाधीश के दुमका आगमन और आयोजित कार्यक्रम के मद्धेनजर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी है। श्री सुधांशु ने बताया कि झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार झालसा के तत्वावधान में संतालपरगना के प्रमंडलीय मुख्यालय दुमका से पहली बार राज्य के विभिन्न जिले में आयोजित आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का कल बर्चुअल उद्घाटन किया जाना है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय के कान्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार की ओर से कार्यान्वित विभिन्न योजना के लाभुकों के बीच परिसम्पत्ति का भी वितरण किया जायेगा।

मुख्य न्यायाधीश द्वारा अपने एक दिवसीय दुमका दौरे के क्रम में जिला व्यवहार न्यायालय का निरीक्षण किया जाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित