बोकारो , अप्रैल 28 -- झारखंड में बोकारो जिले के चिरा चास थाना क्षेत्र के भारत कब्रिस्तान से पुलिस ने एक नरकंकाल बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि जून 2022 से लापता 32 वर्षीय खालिद अंसारी का नरकंकाल शक के आधार पर बरामद किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि दो संदिग्धों की निशानदेही पर कब्र खोदकर पुलिस ने एक खोपड़ी, तीन हड्डियां और कुछ कपड़े निकाले। फॉरेंसिक टीम ने नमूने जांच के लिए भेजा है। पुलिस का दावा है कि कपड़े खालिद के हैं, लेकिन आधिकारिक पुष्टि डीएनए रिपोर्ट के बाद ही संभव होगी।

सूत्रों ने बताया कि चंदनकियारी बरमसिया अड़ता निवासी खालिद का 2015 में चास के अलकुशा निवासी हिना बीबी से निकाह हुआ था। दो बच्चों के जन्म के बाद दोनों अलग हो गए और दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज हुआ। जून 2022 से खालिद लापता हो गया। पत्नी हिना बीबी बच्चों समेत थाने के चक्कर काटती रहीं। जांच में पता चला कि खालिद 2018 से शमीम अंसारी के भर्रा स्थित घर में छुपा था। 16 जून 2022 को हिना ने चिरा चास थाने में लापता होने की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

जिला परिषद प्रतिनिधि सुसैन रजवार के जरिए मामला राजभवन पहुंचा। राज्यपाल ने संज्ञान लिया, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई।।इससे पहले नौ माह से लापता पुष्पा की तलाश चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह की एसआईटी कर रही थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

हाईकोर्ट के सख्त निर्देश पर नई एसआईटी बनी और महज नौ घंटों में पुष्पा का नरकंकाल बरामद हो गया। अब खालिद मामले ने एसडीपीओ की एसआईटी और चिरा चास थानेदार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस दो संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित