बोकारो , मई 03 -- झारखंड में बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में एक युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने और सोने की चेन छीनने का गंभीर मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि पीड़ित हर्ष पांडेय ने इस संबंध में चिरा चास थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बेटीतांड कौलानी चास निवासी पीड़ित हर्ष पांडेय ने बताया कि वह बॉडी स्टेशन जिम के पास व्यायाम करने जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे महताब अंसारी, आरिफ अंसारी सहित 8-10 अज्ञात लोगों ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
बताया जाता है कि हमलावरों के पास लोहे की रॉड, कुल्हाड़ी, चाकू और अन्य धारदार हथियार थे। सभी ने मिलकर हर्ष पांडेय पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हमले के दौरान उसके सिर और नाक से खून बहने लगा।
पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान हमलावरों ने उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव करने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते आरिफ अंसारी ने पिस्तौल सटाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है। मामले को लेकर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है तथा एएसआई संजय कुमार मंडल को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच और और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित