चाईबासा, 25अक्टूबर (वार्ता) झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर अस्पताल में थैलेसीमिया से पीड़ित सात वर्षीय बच्चे में एचआईवी संक्रमण की पुष्टि से हड़कंप मच गया है।

इस गंभीर घटना के बाद बच्चे के परिजनों ने अस्पताल के ब्लड बैंक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को पांच सदस्यीय जांच टीम चाईबासा पहुंची। टीम ने सदर अस्पताल के ब्लड बैंक की गहन जांच-पड़ताल की और नरक्तदान से लेकर ब्लड ट्रांसफ्यूजन की सभी प्रक्रियाओं को विस्तार से समीक्षा किया।

जांच के दौरान यह चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि सात वर्षीय बच्चे के अलावा चार अन्य थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चे भी एचआईवी पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से दो बच्चों का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल में ही चल रहा है।

वहीं बच्चे के पिता ने जांच रिपोर्ट के साथ उपायुक्त से शिकायत कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

पिता का कहना है कि उनका बच्चा थैलेसीमिया रोग से ग्रसित है। उसे हर माह सदर अस्पताल ब्लड बैंक से खून चढ़ाना पड़ता है। पिछले साल नवंबर में ब्लड बैंक के मकर्मचारी मनोज कुमार के दुर्व्यवहार करने पर प्राथमिकी दर्ज करायी थी। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप लगाया कि मनोज ने बदले की भावना से ऐसा किया है।

पिता के अनुसार शुक्रवार को उपायुक्त से शिकायत पूर्व पति-पत्नी ने जांच कराई थी, जिसमें दोनों एचआईवी निगेटिव मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित