गिरिडीह , अप्रैल 18 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के गांवा-सतगावां रोड पर जोड़ सिमर के पास शनिवार को तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने सड़क किनारे बैठे चार लोगों को कुचल दिया।
इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, चारों लोग सड़क किनारे बैठे हुए थे। तभी तेज रफ्तार में आ रही सेंट्रो कार अचानक अनियंत्रित हो गई और उन्हें रौंदते हुए पास के पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया। उसे कार से बाहर निकालकर पेड़ से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। मौके पर काफी देर तक तनाव बना रहा।
सूचना मिलने पर गांवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने की कोशिश की। लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। इस दौरान लोगों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए।
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और लोगों को शांत कराने की कोशिश जारी है।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित