रांची , अप्रैल 05 -- बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने गठबंधन के सहयोगियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि झारखंड की राजनीति में राजद को नजरअंदाज करना संभव नहीं है।
झारखंड की राजधानी रांची में रविवार को कार्निवल हॉल में आयोजित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के भव्य सम्मान समारोह में तेजस्वी यादव का स्वागत किया। पारंपरिक झारखंडी अंदाज में ढोल-नगाड़ों और सजे तोरणद्वारों के बीच उनका अभिनंदन किया गया।
इस मौके पर श्री यादव ने कहा कि पार्टी ने सात में से चार सीटें जीतकर अपनी ताकत का परिचय दिया है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि राजद को और अधिक सीटें मिलतीं, तो नतीजे और भी चौंकाने वाले होते।
श्री यादव ने बिहार के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि मशीन तंत्र और धन तंत्र जैसी चुनौतियों के बावजूद उनका वोट बैंक 1 करोड़ 70 लाख से बढ़कर 1 करोड़ 90 लाख तक पहुंच गया है। पार्टी में टूट-फूट की अटकलों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यह लालू प्रसाद यादव की पार्टी है, जो न झुकती है और न टूटती।
वहीं अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में जाने के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि किसी एक नेता के जाने से राजद कमजोर नहीं होता और जनता आज भी 'लालटेन' के साथ है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जिक्र करते हुए गठबंधन की एकजुटता पर जोर दिया। साथ ही 'गुरुजी' शिबू सोरेन के मार्गदर्शन में भाजपा को हराने के लिए मजबूती से खड़े रहने की बात कही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित