रांची , जनवरी 16 -- झारखंड के भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप यादव ने जेएमएम महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य द्वारा भाजपा के नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू पर दिए गए बयान की कड़ी निंदा की है।

डॉ. यादव ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक पिछड़ा वर्ग के मूलवासी किसान के बेटे को, जो चार दशक से अधिक समय से बूथ स्तर से संगठन की सेवा कर रहे हैं, झारखंड भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा ही सामाजिक न्याय, संगठनात्मक लोकतंत्र और कार्यकर्ता सम्मान की सच्ची पक्षधर है। उन्होंने कहा कि जेएमएम का इतिहास पिछड़ा, आदिवासी और किसान विरोधी नीतियों से भरा रहा है, इसलिए वह एक मेहनतकश, जमीनी और संघर्षशील नेता को बधाई देने के बजाय कटाक्ष और अपमानजनक टिप्पणी कर रही है। यह जेएमएम की संकीर्ण सोच और राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।

डॉ. यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि झारखंड भाजपा के कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, एकता और बढ़ता उत्साह जेएमएम को विचलित कर रहा है, और यही कारण है कि वह अनर्गल बयानबाज़ी पर उतर आई है।

कांग्रेस झामुमो राज्य के पिछड़े वर्ग की राजनीतिक मजबूती बर्दाश्त नहीं होती। इसीलिए पंचायत चुनाव में झामुमो कांग्रेस की सरकार ने पिछड़ों को आरक्षण से वंचित किया। पिछड़ों के आरक्षण को बढ़ाने का वादा करने वाले ठगबंधन ने फिर धोखा ही दिया।

डॉ यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि झारखंड का पिछड़ा समाज जेएमएम की इस मानसिकता का लोकतांत्रिक और राजनीतिक जवाब समय पर देगा, और हर साजिश को विफल करेगा।

भाजपा कार्यकर्ता सम्मान, सामाजिक समरसता और सशक्त नेतृत्व के साथ आगे बढ़ रही है - और यही जेएमएम की सबसे बड़ी बेचैनी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित