हरिद्वार , मार्च 14 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के ज्वालापुर में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जांच के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से दो किलो 35 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर द्वारा थाना क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने लालपुर से नहर पटरी जटवाड़ा पुल की ओर आम के पेड़ के पास शनिवार को एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से दो किलो 35 ग्राम अवैध गांजा और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी की पहचान भविष्य पाल उर्फ सागर पुत्र निरंजन सिंह पाल निवासी कठघर होली का मैदान, थाना कठघर जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में नशीली दवा और मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित