नयी दिल्ली , जनवरी 30 -- भारत की होनहार पर्वतारोही ज्योति शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाते हुए एक नया इतिहास रच दिया है। 42 वर्षीय ज्योति शर्मा ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2026 को सुबह 8 बजकर 18 मिनट पर अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो (ऊंचाई 5,895 मीटर) पर सबसे तेज चढ़ाई कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने यह चुनौतीपूर्ण अभियान मात्र 2 दिन 19 घंटे 44 मिनट में पूरा कर एक नई मिसाल कायम की। ज्योति के इस उद्देश्य ने पूरे देश और परिवार और को गर्व महसूस कराया है। यह उपलब्धि न केवल भारतीय पर्वतारोहण और खेल जगत के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि युवाओं को साहस, समर्पण और देशभक्ति का संदेश भी देती है।

आज यहाँ जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार पिछले कई वर्षों से पर्वतारोहण में सक्रिय ज्योति शर्मा ने अत्यधिक ठंड, कठिन मौसम, ऊंचाई और शारीरिक चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करते हुए यह असाधारण उपलब्धि हासिल की। अपनी इस ऐतिहासिक सफलता को उन्होंने देश को समर्पित करते हुए कहा कि किसी भी लक्ष्य को पाने के लिए उम्र कभी बाधा नहीं बनती, बल्कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और मजबूत हौसले ही सफलता की असली कुंजी होते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित