जौनपुर , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले में शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती ने प्रेमी से विवाह की जिद पर मंगलवार को हाईटेंशन विद्युत पोल पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार 19 वर्षीय युवती का आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के नंदाव गांव निवासी युवक से काफी समय से प्रेम संबंध था। इस संबंध की जानकारी होने पर युवती के परिजनों ने करीब तीन महीने पहले इसका विरोध किया था, जिसके बाद युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी।

पुलिस ने जनवरी में दोनों को बरामद कर लिया था। युवती के परिजनों की तहरीर पर प्रेमी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया था। बताया गया कि हाल ही में युवक के जमानत पर रिहा होने की सूचना मिलने पर युवती ने उससे विवाह करने की जिद शुरू कर दी।

परिजनों द्वारा दोनों के अलग समुदाय से होने का हवाला देकर विरोध किए जाने से नाराज युवती आजमगढ़ जिले की सीमा से सटे बैरकडीह गांव के पास हाईटेंशन विद्युत पोल पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी। घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद युवती को समझाकर नीचे उतारा। बाद में पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित