जौनपुर , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चकमाहन सीहीपुर गांव में एक विवाहिता ने कथित रूप से दहेज प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस मामले में पति, सास, ससुर सहित चार लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि चकमाहन सीहीपुर गांव निवासी सेजल यादव (23) ने बुधवार देर रात अपने कमरे में पंखे के सहारे दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि सेजल का विवाह करीब आठ माह पूर्व हुआ था। मृतका के परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। आए दिन मारपीट और विवाद होते रहते थे। उन्होंने बताया कि मृतका का पति एक माह पूर्व मुंबई चला गया था।

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर सहित चार लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित