जौनपुर , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में रविवार रात घर से बुलाकर एक विधि के छात्र की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मुकदमे में पैरवी को लेकर हुए विवाद को हत्या का कारण बताया जा रहा है। परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर घटना का आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस पर यह भी आरोप लगाया गया है कि तीन दिन पहले हुए विवाद की तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने उसे नजरअंदाज कर दिया।
उन्होने बताया कि गोबरा गांव निवासी रामचरण मिश्रा का पुत्र सच्चिदानंद मिश्र (25) प्रयागराज के एक निजी कॉलेज से विधि की पढ़ाई कर रहा था। वह इन दिनों जौनपुर की दीवानी कचहरी में एक अधिवक्ता के साथ इंटर्नशिप भी कर रहा था। परिजनों के मुताबिक रविवार रात करीब सवा दस बजे गांव के ही दो लोग, जिनसे पहले से विवाद चल रहा था, सच्चिदानंद को घर से जबरदस्ती बुलाकर ले गए। कुछ देर बाद सूचना मिली कि घर से करीब 600 मीटर दूर एक व्यक्ति के पंप हाउस पर वह घायल अवस्था में पड़ा हुआ है।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो उसके सिर और आंख के पास गंभीर चोटें थीं और वह चारपाई पर पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में उसे चारपाई सहित एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित