जौनपुर , मई 6 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र में एक चार वर्षीय मासूम के लापता होने के बाद उसका शव दूसरे दिन एक कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गारोपुर गांव निवासी आदिल (4) पुत्र रफीक मंगलवार को घर के पास खेलते समय अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद परिजनों ने उसी दिन थाना बरसठी में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर करीब पांच घंटे तक बच्चे की तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

बुधवार सुबह घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित एक जर्जर कुएं में ग्रामीणों ने बच्चे का शव पानी में उतराया हुआ देखा। बताया जाता है कि आदिल के परिवार में दो भाई और एक बहन हैं, जबकि उसके पिता रफीक सऊदी अरब में नौकरी करते हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित