जौनपुर , जनवरी 21 -- उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के 25 सदस्यों के चुनाव में दीवानी न्यायालय परिसर में बने मतदान केंद्र पर मंगलवार और बुधवार को कुल 79.44 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रदेश में 2,49, 808 मतदाता है, जिसमें से जौनपुर जिले में कुल 5734 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान के पहले निर्वाचन के पहले दिन मंगलवार 20 जनवरी को कुल 1619 मतदाताओं यानी 28.2 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
बुधवार 21 जनवरी को कुल 2941 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में दोनों दिन मिलाकर कुल 4560 मतदाताओं ने 79.44 प्रतिशत अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं जौनपुर से उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ रहे पांच सदस्यों ने जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न करने के लिए जिला न्यायाधीश सुशील कुमार शशि को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि दो दिन चले मतदान के बाद कहीं भी किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं हुई, इसके लिए जिले की न्यायपालिका की जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित