जौनपुर , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में खुद को दारोगा बताने वाले एक व्यक्ति पर जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठगने का आरोप लगा है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के बलुआ घाट निवासी अरविंद कुमार निषाद ने गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह को प्रार्थना पत्र दिया। शिकायत में कहा गया है कि मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कादनपुर निवासी शुभम कुमार श्रीवास्तव उसकी दुकान पर आता-जाता था और खुद को दारोगा बताता था।
आरोप है कि शुभम ने परिचय बढ़ाने के बाद दूसरे की जमीन अपनी बताकर 27 लाख रुपये में सौदा तय कराया। जमीन पसंद आने पर अरविंद ने अपने पिता के खाते तथा उधार लेकर आरोपी को 10 लाख रुपये दे दिए। बाद में रजिस्ट्री टलती रही। जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने 10 लाख रुपये का चेक दिया, जो खाते में धनराशि न होने के कारण बाउंस हो गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसी तरह मोहल्ला सिपाह निवासी चंद्रिका प्रसाद यादव से भी जमीन रेहननामे के नाम पर तीन लाख रुपये लिए गए। पीड़ितों ने सस्ते दामों पर कीमती जमीन दिलाने के नाम पर सक्रिय गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को मामले की गंभीरता से जांच कर मुकदमा दर्ज करने और विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित