जौनपुर , जनवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में लाइन बाजार थाना पुलिस ने सोमवार को धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में एक महिला सहित पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) ए. श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने अपराध निरीक्षक विजयशंकर यादव एवं महिला आरक्षी आरती सिंह के साथ कार्रवाई करते हुए कुद्दूपुर श्रीनगर क्षेत्र में राजेन्द्र चौहान की बाउंड्री के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुन्ना चौहान, विद्युत,अरुण कुमार,अमित कुमार तथा विद्युत की पत्नी सुशीला दास के रूप में हुई है। एएसपी ने बताया कि अभियुक्तों के कब्जे से दो बाइबिल धर्मग्रंथ, 86 पंपलेट तथा छह होली क्रॉस बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित