जौनपुर , मई 03 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में खेतासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात बारात लेकर जा रहे दूल्हे की हत्या दुल्हन के ममेरे भाई ने की थी। वह उसकी लव-मैरिज से नाराज था। परिवार वालों से रिश्ता तोड़ने के लिए कह रहा था। जब उन्होंने बात नहीं मानीं तो दूल्हे को ही मार डाला।
इसकी पुष्टि एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने की है। पुलिस ने रविवार को आरोपियों के आठ मददगारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने रविवार को बताया कि दुल्हन सोनी के ममेरे भाई प्रदीप बिंद ने शुक्रवार रात अपने साथी रवि यादव के साथ चेहरा ढककर दूल्हे आजाद बिंद की कार को ओवरटेक कर रोका, फिर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। आजाद के पेट में दो और जबड़े पर एक गोली लगी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना के बाद दुल्हन सोनी बिंद से पूछताछ की तो उसने प्रदीप, रवि और भोले राजभर के नाम बताए। प्रदीप और रवि को भोले ने ही दूल्हे की लोकेशन शेयर की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई हैं, पुलिस को आरोपी बाइक सवारों का भागते हुए एक फुटेज मिला। दूल्हे आजाद के भाई आकाश और दुल्हन सोनी ने आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी से पता चला कि बाइक सवार आरोपी सरायख्वाजा की तरफ से आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद खेतासराय की तरफ भाग गए। पुलिस रास्तों में लगे और सीसीटीवी रिकॉर्ड खंगाल रही है। रूट मैप तैयार किया जा रहा है, ताकि आरोपियों को ट्रेस किया जा सके। रूट मैप तैयार किया जा रहा है, ताकि आरोपियों को ट्रेस किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित