जौनपुर , फरवरी 06 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के जंघई रोड के हैदरेपुर मार्ग पर कबीरपुर रेलवे फाटक के पास शुक्रवार को दोपहर एक बजे ट्रैक्टर की चपेट में आने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के सरायखेम गांव निवासी 21 वर्षीय रीना गौतम पुत्री सुरेश गौतम अपने भाभी सुमन देवी व बहन खुशबू के साथ किसी प्राइवेट वाहन से कबीरपुर चौराहे पर उतरकर पैदल अपने रिश्तेदार के घर हैदरेपुर मार्ग से हैदरेपुर गांव जा रही थी। दोपहर लगभग 1 बजे जब तीनों पैदल हैदरेपुर मार्ग से कबीरपुर फाटक के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर रीना को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि रीना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ चल रही अन्य महिलाएं बाल-बाल बच गईं।

घटना की सूचना मिलते ही मुंगरा बादशाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को भी अपने कब्जे में ले लिया है वही चालक फरार होने में सफल रहा। इस संबंध में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने बताया कि उसकी शादी आगामी 26 मई को जंघई के भुलेन गांव में तय थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित