जौनपुर , जनवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के अहिरौली गांव के पास मंगलवार देर शाम फोरलेन पर टूरिस्ट बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अहिरौली गांव निवासी प्रदीप गौतम (23) और बरौली गांव निवासी सुनील (25) बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे गांव के पास फोरलेन पर पहुंचे, तभी 'राज दरबार' नामक टूरिस्ट बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। सुनील की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
सूचना पर बदलापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित