जौनपुर , नवम्बर 25 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में खेतासराय थाना क्षेत्र के एत्मादपुर गांव में मंगलवार को कुएं से एक विवाहिता का शव बरामद किया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले में खेतासराय थाना क्षेत्र के एत्मादपुर गांव में मृतका की पहचान गीता देवी (35), पत्नी सतीश कुमार यादव के रूप में हुई है। उनका शव घर से लगभग 50 मीटर दूरी पर स्थित कुएं में मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि गीता देवी की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है। मृतका के तीन बेटे हैं अंशु यादव (19), प्रांजल यादव (16), श्रेयांश यादव (13) है।
प्रांजल यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पिता का गांव की एक महिला से अवैध संबंध था, जिसको लेकर घर में आए दिन झगड़ा होता रहता था। प्रांजल के अनुसार सोमवार रात विवाद बढ़ने के बाद मां ने बच्चों का रूम बाहर से बंद कर दिया। सभी बच्चे रात में खाना खाकर सो गए। सुबह दरवाजा खुला तो मां घर में नहीं थी। खोजबीन की गई तो कुएं में लाश मिलने की जानकारी हुई।
मायके और परिवार का कहना है कि सतीश कुमार यादव का गांव की महिला इन्द्रकला पासवान से प्रेम संबंध था। इसी वजह से पति-पत्नी के बीच पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था। मामले में पुलिस ने इन्द्रकला पासवान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित