जौनपुर , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरभानपुर गांव में दबिश देने पहुंची एसओजी और पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने शुक्रवार शाम तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
बक्शा थाना प्रभारी विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि इस मामले में कुल 19 नामजद आरोपियों और 40-50 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जुगनू गौतम, अरविंद तथा राकेश यादव को गिरफ्तार किया है, जिन्हें संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि उनकी तहरीर पर गुरुवार देर रात ग्राम प्रधान आनंद गौतम, राजेश गौतम, धीरज गौतम, वांछित पंकज गौतम, सूरज, संदीप, दिनेश यादव, धर्मराज यादव, सतेंद्र सहित कुल 19 नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध जानलेवा हमला और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस शेष नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित