जौनपुर , फरवरी 01 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के फतेहगंज क्षेत्र स्थित बढ़ौना गांव में रविवार को भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आम्रपाली दुबे की नई फिल्म "माई से मिला द मैया वैष्णो देवी" की शूटिंग शुरू हो गई। फिल्म ब्लू कोरल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनाई जा रही है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार फिल्म के निर्देशक पंकज सिन्हा ने बताया कि यह फिल्म सच्ची घटना पर आधारित एक पारिवारिक एवं भक्तिमय कथा है, जो लोक आस्था से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में लोग अपनी सभ्यता, संस्कार और आस्था से दूर होते जा रहे हैं, ऐसे में फिल्म के माध्यम से इन मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आम्रपाली दुबे इस फिल्म में एक सशक्त किरदार निभा रही हैं, जो समाज को सकारात्मक संदेश देगा।

फिल्म के निर्माता कुसुम त्रिपाठी एवं पवन त्रिपाठी हैं। छायांकन जगदीप सिंह जग्गी कर रहे हैं, जबकि प्रोडक्शन हेड रौनक मिश्रा और प्रचारक सोनू यादव (एडिफ्लोर) हैं। फिल्म में आम्रपाली दुबे के साथ कुंदन भारद्वाज, विनोद मिश्रा, नीलम पांडे, साहिल शेख, प्रेरणा सुषमा, खुशबू यादव सहित कई कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित