जौनपुर , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पूर्वांचल विश्वविद्यालय के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से ग्राम प्रधान की मौत हो गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पांडेय ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर पूर्वांचल चौकी के पास एक मोटरसाइकिल सवार सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो वह मृत पाया गया। प्रथम दृष्टया अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होना प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान करंजाकला क्षेत्र के खम्हौरा गांव के ग्राम प्रधान रामजनम यादव (51) के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। सूत्रों के अनुसार दुर्घटना के बाद ग्राम प्रधान कुछ समय तक सड़क पर पड़े रहे, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिल सकी। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित