जौनपुर , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने सोमवार को बताया कि जनपद में तीन दिवसीय 'जौनपुर महोत्सव' का आयोजन 24 से 26 मार्च 2026 तक शाही किला परिसर में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि निदेशालय समाज कल्याण के निर्देश पर महोत्सव के तहत 24 मार्च को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश सरकार के मंत्री ए के शर्मा भी शामिल होंगे। राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाया जाए। कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारी परियोजना निदेशक, जिला ग्राम विकास अभिकरण को नामित किया गया है, जबकि कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर को सौंपी गई है।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पात्र लाभार्थी जोड़ों का बायोमेट्रिक सत्यापन कर विवाह संपन्न कराया जाएगा। इस कार्य के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को नामित किया गया है। जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र के निर्देशन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है।

महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी, जिसमें सांस्कृतिक संध्या, शिव तांडव, मां काली नाटक, राम दरबार स्वरूप दर्शन तथा पाई डंडा नृत्य जैसी प्रस्तुतियां शामिल होंगी। आयोजन स्थल पर कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य, मंच, भोजन एवं विद्युत आपूर्ति सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित