जौनपुर , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में ईद-उल-फितर का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के मछलीशहर पड़ाव स्थित शाही ईदगाह में मुस्लिम भाइयों ने ईद की विशेष नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की और अमन-चैन के लिए दुआ मांगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस बार 20 मार्च को चांद नजर आने के बाद शनिवार को निर्धारित समय पर ईद की नमाज अदा की गई। शाही ईदगाह में इमाम मौलाना फैसल कमर सिद्दीकी ने नमाज अदा कराई।
उन्होंने कहा कि ईद रोजेदारों के लिए इनाम का दिन है और इस दिन सभी को आपसी वैमनस्य और दुश्मनी भुलाकर एक-दूसरे से गले मिलना चाहिए। उन्होंने समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि बिना किसी भेदभाव के सभी के अधिकारों का सम्मान करना ही सच्चे अर्थों में ईद का संदेश है।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर ईदगाह कमेटी के सदस्य अबुजर अंसारी, नेयाज ताहिर शेखू, रियाजुल हक, मोहम्मद शोएब, अजीम जौनपुरी, सद्दाम सिद्दीकी, ताज मोहम्मद, दिलदार, मौलाना हम्जा, एडवोकेट मुमताज, मौलाना आफाक, जफर राजा, हाजी इमरान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित