जौनपुर , फरवरी 05 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार देर रात 24 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। सूची के मुताबिक जौनपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ को गोरखपुर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, वहीं सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह जौनपुर के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक होंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कुंवर अनुपम सिंह 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी है। जौनपुर से पहले वह सुल्तानपुर में पुलिस अधीक्षक के पद पर रहे। इसके पूर्व वह अमरोहा में बतौर एसपी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कुंवर अनुपम सिंह मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं। स्नातकोत्तर के बाद उन्होंने कम्प्यूटर साइंस (इन्फार्मेशन फाइबर ऑप्टिज्म) में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की। वो प्राइवेट नौकरी नहीं करना चाहते थे, इसलिए कैम्पस प्लेसमेंट भी नहीं लिया और सिविल सर्विस का फॉर्म भर दिया।

कुंवर अनुपम सिंह 2011 में पहली बार सिविल सर्विस की परीक्षा में बैठे लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद आगे की तैयारी के लिए दिल्ली जाकर कोचिंग ज्वाइन की और 2012 में प्री-मेंस पास करते हुए आईपीएस के लिए क्वालीफाई किया। कुंवर अनुपम सिंह की हैदराबाद में ट्रेनिंग हुई। एक दिन वालीबॉल खेलते समय पैर में फ्रैक्चर हो गया, तब एक महीने तक बैड पर रहना पड़ा था। ट्रेनिंग के बाद उनकी पहली पोस्टिंग मथुरा में बतौर एएसपी हुई थी। ज्वाइन करने के 3 महीने बाद 2 जून 2016 को जवाहरबाग कांड हुआ। वे उस ऑपरेशन में लगाए गए। उनके सामने ही कई पुलिसकर्मियों को गोली लगी। उन पर भी कई फायर किए गए, एक गोली उन्हें लगने से बची थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित