जौनपुर , मार्च 7 -- संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होने पर जौनपुर जिले के तीन अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले के बदलापुर विकास खंड के तुलापुर निवासी उत्कर्ष मिश्रा ने परीक्षा में 337वीं रैंक प्राप्त की है। उत्कर्ष इससे पहले भी साक्षात्कार तक पहुंचे थे, लेकिन अंतिम चयन से बाहर रह गए थे। यह उनका पांचवां प्रयास था। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है और सिविल सेवा परीक्षा में उनका ऐच्छिक विषय भी मैकेनिकल इंजीनियरिंग ही था। उनके पिता चन्द्रेश मिश्रा बरेली में इंजीनियरिंग और मेडिकल की तैयारी के लिए कोचिंग सेंटर संचालित करते हैं।

इसी प्रकार जिले के सिकरारा क्षेत्र के देवपुर (धोबहा) गांव निवासी शुभम सिंह चंदेल ने 378वीं रैंक हासिल की है। शुभम, सिकरारा ब्लॉक में तैनात सोशल ऑडिटर दीनानाथ सिंह 'छेदी' के पुत्र हैं। उनके चयन की खबर मिलते ही गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी व्यक्त की।

वहीं जिले में नायब तहसीलदार के पद पर तैनात अतुल सिंह ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 697वीं रैंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया तथा बधाई दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि अतुल सिंह कई वर्षों से यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे और कई बार असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। उनके कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिणाम है कि उन्होंने सफलता हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है।

अतुल सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के मार्गदर्शन और प्रेरणा को दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की व्यस्त जिम्मेदारियों के बावजूद उन्हें तैयारी जारी रखने के लिए लगातार प्रोत्साहन मिलता रहा, जिससे वह नौकरी के साथ अध्ययन जारी रख सके और यह लक्ष्य प्राप्त कर पाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अतुल सिंह की सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित