जौनपुर , फरवरी 11 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में मीरगंज थाना की पुलिस टीम के साथ हुई बुधवार की सुबह मुठभेड़ में गो-तस्करी करने वाले एक अंतर्जनपदीय अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। मौके से पुलिस ने एक तमंचा 0.315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना मीरगंज पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान गोधना बाजार के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर पीछे मुड़कर भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर सेमरी अंडरपास पुलिया के पास बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित