जोधपुर , दिसंबर 25 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने खिलाड़ियों का अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास ही स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला बताया है और कहा है कि जो जिस राष्ट्र के लोग शारीरिक रूप से फिट होते हैं, वही विकसित राष्ट्र बनता है।
श्री शेखावत गुरुवार को यहां क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान के खिलाड़ियों ने न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि सशक्त और स्वस्थ भारत के निर्माण का एक व्यापक अभियान है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि 'फिट इंडिया, हिट इंडिया' और 'भारत खेलेगा तो भारत खिलेगा' जैसे मंत्रों को इस प्रतियोगिता ने सार्थक रूप दिया है। यह आयोजन भारत को स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हुआ है। श्री शेखावत ने कहा कि जो व्यक्ति लक्ष्य पर पूरी एकाग्रता और फोकस के साथ आगे बढ़ता है, उसे जीवन में निश्चित रूप से सफलता प्राप्त होती है। खेल हो या जीवन का कोई भी क्षेत्र अनुशासन, निरंतर अभ्यास और फोकस अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाला प्रत्येक खिलाड़ी फिटनेस और फोकस का जीवंत उदाहरण है, और यही इस आयोजन की अपार सफलता का मूल मंत्र है।
उन्होंने बताया कि इस महोत्सव की शुरुआत पंचायत स्तर से पारंपरिक खेलों के साथ की गई, जिसमें महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही। इससे सामुदायिक भावना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जड़ों को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इस प्रतियोगिता को और अधिक सशक्त रूप दिया जाएगा जहां पारंपरिक खेलों से प्रेरणा लेकर आधुनिक खेल संस्कृति को आगे बढ़ाया जाएगा।
श्री शेखावत ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव 2025 में भाग लेने के लिए एक लाख 30 हजार 56 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया। ग्राम और शहरी स्तर से चयनित होकर 19 हजार 597 खिलाड़ी ब्लॉक स्तर तक पहुंचे। विधानसभा स्तर पर विजेता बनने के बाद 1619 खिलाड़ियों ने संसदीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता दर्ज करायी। इस व्यापक सहभागिता के साथ जोधपुर देश का दूसरा सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित