श्रीनगर , मार्च 27 -- जम्मू कश्मीर में शुक्रवार को श्रीनगर-लद्दाख राजमार्ग पर जोजिला दर्रे के पास हुए एक जोरदार हिमस्खलन से सात लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गये। बर्फ के दरकने से कम चार वाहन बर्फ के नीचे दब गये। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गयी है।
एक अधिकारी ने कहा, "हिमस्खलन के तुरंत बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया है। अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हो गये हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।" उन्होंने आगे बताया कि क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के शिकार हुए सभी लोग कारगिल जिले के निवासी थे।
घटना के तुरंत बाद, लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया और कहा कि बचाव दलों को सक्रिय कर दिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, "मैंने कारगिल के जिलाधिकारी और एसएसपी को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिये हैं।" उन्होंने यह भी बताया कि आपदा राहत बलों और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सहित सभी सरकारी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित